Thursday, 10 September 2015

आधी प्याली बारिश....

बस एक टुकड़ा धूप का 
और आधी प्याली बारिश 
मेज़ पर बिखरे हैं कुछ 
हाथों से लिखे ख़त 
कुछ मेरे, कुछ तुम्हारे  
और कुछ में शायद हम  

कुछ यादों के पन्ने 
हवा में सरसराते हुए 
जैसे की दास्ताँ तुम्हारी  
मुझसे  दोहराते  हुए 
कुछ में दिखती है वही 
दिल को छूंती तुम्हारी हँसी  
कुछ में मुस्कान वो झूठी सी,  
दर्द को छिपाती हुई 

तुम्हारी लिखावटों में 
आज भी वही चेहरा है 
जिसे पढ़ लेता था कभी
लफ्ज़-बा-लफ्ज़, हूबहू 
यूँ लगता है तुम आज भी 
वैसी ही हो, पहले जैसी 
बिलकुल इन ख़तों की तरह 
हज़ारों अल्फ़ाज़ों की बनी 
कुछ उलझी -सुलझी पहेली सी 

नहीं बदला है यहां भी कुछ 
मेरे ख्यालों के इस आलिन्द में   
वही धूप का सुनहला टुकड़ा 
और बारिश की आधी प्याली है 
करो यकीं कि अब भी देखता हूँ तुम्हे 
उसी कुर्सी पर, जो आज भी खाली है  

Wednesday, 9 September 2015

शाम यूँ उदास क्यों है....

ये  शाम यूँ उदास क्यों है
कई बार पहले भी है हुआ ऐसा
कुछ नया तो नहीं है खोने में 
फिर आज भारी है क्यों मन
क्यों साफ़ महसूस है वो फ़र्क़
किसी के होने और न होने में

बातें, जो तन्हाई से करी थी कभी
हर एक लफ्ज़ और मायने उनके
मुश्किल है समझना आज क्यों
या फिर समझा पाना खुदको
वो आवाज़, वो लफ़्ज़ों के सिलसिले 
वो बातों का सजिलापन 
वो विषयों की पेंचीदगियाँ 
सब कुछ एक पहेली सी लगती है 
क्या हुआ अचानक कि आज 
तन्हाई में है अकेलेपन की कसक 

यूँ तो खुद ही खुद से की थी 
कई मुलाकातें हसरतों भरी 
सुनी थी खुद से ख़्वाबों की कहानी 
खुद के अल्फ़ाज़ों में खुद की ज़ुबानी 
फिर आज बेरंग सा क्यों 
दिखता हूँ मैं रूबरू खुद से 
क्यूँ लगता है खुद की महफ़िल में 
खुद ही से रूठा हूँ मैं 

क्यों है बेसबब बेबसी की हवा ऐसी  
की उड़ा रही है आहिस्ता  से 
दिल पर जमी धूलों की परत 
क्या है सबब है किस कमी का असर 
डरा सा है ज़हन रूह बदहवास क्यों है 
क्या पता ये शाम यूँ उदास क्यों है  





Tuesday, 8 September 2015

उड़ चला परिंदा...

लो उड़ चला परिंदा
उस टोह की कशिश में 
जहाँ छाँव हो घड़ी भर 
हर धूप की तपिश में

भले न हो सजीला 
और ना ही कोई घर हो 
मगर खुले वहाँ पर 
बस दिलों के दर हो 

न ख़ुशनुमा हो मौसम 
ना हो हवा रूमानी 
दिखे मगर सभी को 
आँखों का बहता पानी 

हो मुफलिसी का आलम 
या मुश्किलों का डेरा 
मगर हो तय जहां पर 
हर रात का सवेरा 

ना चांदनी में लिपटे 
हो रात के सितारे 
दिलक़शी के काबिल 
भले न हो  नजारें  

वो ढूंढता है घर जो 
बदहाल ही भले हो 
मगर वहाँ दिलों के 
कुछ दीप तो जले हो 

है सोचता परिंदा 
वो टोह कुछ जुदा हो 
ना मोह की बनी हो 
उस टोह में खुदा हो 








शहर ...

हसरतों का सावन 
हर आँख से बरसता 
ये क्या शहर है तेरा 
हर शख़्स है तरसता 
वो हाथ लेके आंसू 
चला है ग़म भुलाने 
मगर उसे मिलेंगे 
बस बेरुखी के ताने 
ये शहर ही है कुछ ऐसा 
न कोई है किसी का
हर दोस्त के शक्ल में 
रकीब है किसी  का 
है संग्दिलों की बस्ती 
इन्हे दिलों से क्या है 
लफ्ज़-ए-फ़रेब में ही 
हर वाक़या बयाँ है 
कोई नहीं मिलेगा 
यहाँ सुकून दे जो 
वो निग़ाह ही नहीं है  
हमदर्द से उठे जो 
बस धुप में झुलसता 
इक टूटे दिल का हिस्सा 
है न गैर की कहानी 
है इसी शहर का किस्सा 




Monday, 7 September 2015

The Prayer....

In silence abyss no words to say
The worldly thoughts have gone astray
In pristine light at end of day
A lonely heart kneels down to pray

In shroud of dusk and no one near
He lights up faith along with fear
In whispering sounds no one can hear
He sheds a smile and drops of tear

In remains of what were fame and pride
With a stash of honour strewn aside
He closes eyes for grief to hide
And weeps to the winds of countryside

With drooping eyes and folded hands
Kneeling down on scorching sands
He tells the mind what heart demands
Some stream to feed the barren lands

For dried up well of an earthly eye
He prays for rains from rusty sky
To the parting breath in a silent sigh
He asks to leave with a passer by

Thus everyday with hopes anew
In dawn and dusk for moments few
With heart devoid of shade and hue
He just kneels down and prays for you




   

Tuesday, 1 September 2015

चलो अतीत के गाँव चलें ...

फिर हो कोई नया सवेरा 
फिर से कोई शाम ढले 
जी लें फिर बीते कल को 
चलो अतीत के गाँव चलें 

नव यौवन के शाखों पर 
फिर कलियाँ भरमार खिलें 
और भँवरों की गुंजन में 
वो बिसरे कल के गीत मिले 

चलो पुरानी यादों में  हम 
फिर नए कुछ ख्वाब चुने 
फिर आँखों से बात करें 
और सपनों का जाल बुने 

फिर से चलें उन राहों पर 
जहाँ अपनी ना पहचान  रहे  
खो जाएँ फिर बातों में 
ना समय का कोई ध्यान  रहे  

फिर मध्यम सी बारिश हो 
भीगे फिर से अन्तर्मन 
फिर हम तुम खामोश रहें 
और सुने हृदयों का प्रतिस्पंदन 

मैं और तुम हम जैसे हो 
एक बार चलो फिर साथ चलें 
जी लें फिर बीते कल को 
चलो अतीत के गाँव चलें 

ज़िन्दगी की आस...

है कश्मकश ये ज़िन्दगी 
पेंचीदगी भरी हुई 
जियें इसे तो किस तरह 
ये सोचता हूँ मैं अभी 
रस्में यहाँ अजीब है 
दिखता जो करीब है 
वही जुदा ख्यालों से 
ये देखता हूँ मैं अभी 
कभी हवा है नर्म सी 
और तीर की तरह कभी 
दे जो ज़ख्म रूह को 
घायल पड़े यहाँ सभी 
ना किसी की चाह में 
और न ख्वाबगाह में 
रहना है हसरतें लिए 
बस अश्क़ की पनाह में 
जज़्बात की है मुफलिसी 
गुमशुदा ईमान है 
पत्थरों के बुत से है 
बस नाम के इंसान है 
अपना नहीं है कुछ यहाँ 
और न कोई पास है 
मगर हूँ यूँ मैं ख़ुशफ़हम 
की ज़िन्दगी की आस है